बैंगलोर। सचिन तेंदुलकर को याद करने पर एक बल्ले के साथ ही उनकी तस्वीर उभरती है और वह अपने बल्लेबाजी प्रदर्शन के कारण ही जाने जाते हैं लेकिन एक बार उन्होने पाकिस्तान दौरे पर अपने साथियों के लिए वेटर का काम किया और उनके लिए ड्रिंक्स बनायी और सर्व की। यह बातें 'द हिंदू' समाचार पत्र में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कोच ग्रेग चैपल ने अपने कॉलम में लिखी।
भारतीय टीम के साथ बेहतर सम्बंध न रखने वाले ग्रेग चैपल ने कहा भारतीय खिलाडि़यों की जीवन शैली अलग-अलग होती है। जिससे कि वह मैदान के बाहर ज्यादा वक्त एक साथ नहीं गुजारते हैं। इसलिए मैंने उन्हें एक जगह इकट्ठा करने के लिए एक प्राइवेट डिनर पार्टी का आयोजन किया। जिसमें सचिन ने एक वेटर की भूमिका निभाई। इस दौरान उन्होने टीम के अन्य साथियों और टीम मैनेजमेंट के लिए ड्रिंक बनाई और सर्व की।
चैपल ने कहा कि उस दिन मैंने सचिन को उनके स्वभाव के बिल्कुल विपरीत पाया। वह काफी खुलकर हंसी मजाक कर रहे थे और सभी का मनोरंजन कर रहे थे। यह हम सभी के लिए एक खास लम्हा था। मैंने महसूस किया कि ज्यादातर वह शांत ही रहते हैं और मैंने यह भी पाया कि उनका एक और रूप भी हो सकता है।
गौरतलब है कि पूर्व आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ग्रेग चैपल टीम इंडिया के कोच भी रह चुके हैं लेकिन उनका कार्यकाल काफी विवादास्पद रहा है। ऐसा कहा जाता है कि उन्हीं के कारण टीम के खिलाडि़यों में मनमुटाव जैसी स्थिति भी आई। ग्रेग ने यह भी कहा कि भारत का कोच बनना उनके लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहा है। उन्होने अपने कॉलम में सचिन की प्रशंसा की और कहा कि आस्ट्रेलियाई नागरिक सचिन का बेहद सम्मान करते हैं। अभी हाल ही में उन्हे 'आर्डर आफ आस्ट्रेलिया' से भी सम्मानित किया गया, उन्हें यह सम्मान दोनों देशों के बीच क्रिकेट सम्बंध बढ़ाने में किये गये योगदान के कारण दिया गया।











