मुंबई। भारत के पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी राहुल द्रविड़ ने सचिन तेंदुलकर को सलाह दी है कि उन्हें शांत बैठकर पहले सोंचना चाहिए और फिर अपने भविष्य पर निर्णय करना चाहिए। सचिन के साथ लगभग डेढ़ दशक तक ड्रेसिंग रूम शेयर करने वाले द्रविड़ ने चयनकर्ताओं की तरफ इशारा करते हुए कहा कि उन्हें सचिन से बात करनी चाहिए कि उनके दिमाग में क्या चल रहा है और भविष्य को लेकर उनकी योजनाएं क्या है ?
उन्होने सचिन का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होने 23 वर्षों तक देश की सेवा की है। ऐसे में अचानक खेल को छोड़ना उनके लिए आसान नहीं होगा। इस प्रकार बार-बार सन्यास की बात करने से सचिन हर्ट होते हैं लेकिन किसी और को उनके करियर का फैसला करने का हक नहीं है।
भारत की तरफ से 344 वनडे और 164 टेस्ट मैच खेलने वाले द्रविड़ ने कहा है कि सन्यास का फैसला करना एक बेहद भावनात्मक फैसला होता है। सचिन के पास निर्णय लेने के लिए पर्याप्त मौका है क्योंकि आस्ट्रेलिया से होने वाली टेस्ट सीरीज में अभी काफी वक्त है।
द्रविड़ ने उम्मीद जताई कि सचिन जल्द ही कोई निर्णय लेंगे और वो जो भी फैसला करें हमें उसका सम्मान करना चाहिए लेकिन उन पर सन्यास लेने का दबाव डालना सही नहीं है। वह एक महानतम खिलाड़ी है और टीम भी पुननिर्माण के दौर से गुजर रही है। ऐसे में टीम को उनकी जरूरत है।
इंग्लैंड सीरीज के बाद सचिन ने अपने भविष्य के बारे में कोई फैसला नहीं लिया है लेकिन आस्ट्रेलिया के दौरे से पहले उनकी तरफ से कोई फैसला लेने की बात की जा रही है।











