पुणे। आखिरकार अंग्रेजो के जरिये अपनी ही धरती पर हारने के बाद और लगातार तीखे वारों को झेलने वाली भारतीय टीम ने शुक्रवार को भारतीयों को मुस्कुराने का मौका दिया और ट्वेंटी-20 में इंग्लैंड को पांच विकेट से हरा दिया। मैच के हीरो रहे युवराज सिंह, जिनके ऑलराउंडर परफार्मेंश के आगे अंग्रेजों के पसीने छूट गये। जिसके कारण कप्तान धोनी ने जमकर युवराज सिंह के कसीदे पढ़े।
आपको बता दें कि इससे पहले कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीत कर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया, इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 157 रन बनाए जिसके जवाब में भारत ने बढ़िया खेल दिखाया और आराम से लक्ष्य का पीछा कर लिया। उसने 5 विकेट के नुकसान पर 17.5 ओवरों में 158 रन के विजयी लक्ष्य को हासिल कर लिया।
भारत की ओर से युवराज सिंह ने साबित कर दिया कि वो एक बेहतरीन फाइटर हैं। युवराज ने पहले अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 19 रन देकर तीन विकेट लिए जिससे इंग्लैंड बड़ा स्कोर नहीं बना पाया। तो वहीं अपने बल्ले से ताबड़तोड़ इंग्लैंड के गेंदबाजों की पिटाई की। उन्होंने21 गेंद पर 38 रन की तूफानी पारी खेली। जिसमें उनका साथ दिया विराट कोहली (17 गेंद पर 21 रन), कप्तान धोनी (21 गेंद पर 24 रन) और सुरेश रैना (19 गेंद पर 26 रन) ने।
युवराज ने दो चौके और तीन छक्के लगाए। इंग्लैंड़ की ओर से टिम ब्रेसनन को 2, ल्यूक राइट और स्टूअर्ट मेकर को एक-एक विकेट मिला। युवराज सिंह को उनके उम्दा प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।








